रामपुर : 23 माह के बाद आजम खां कल हो सकते रिहा
18 सितंबर को क्वालिटी बार मामले में मिली थी जमानत
रामपुर, अमृत विचार: सपा नेता आजम खां मंगलवार को सीतापुर जेल से बाहर आ सकते हैं। उनके अधिवक्ता जुबैर अहमद ने बताया परवाने यहां से चले गए, आज रिहाई हो सकती है। सोमवार को भी रामपुर से सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, आसिम राजा, अमित शर्मा सहित कई लोग सीतापुर जेल पहुंचे थे, लेकिन रिहाई ना होने के कारण शाम में वापस लौट आए।
दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में सपा नेता आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां पत्नी डॉ. तजीन फात्मा को 18 अक्टूबर 2023 को सात-सात वर्ष की सजा सुनाई थी। उसके बाद तीनों जेल चले गए थे। उसके बाद और मामलों में आजम खां को सजा होती चली गई। इसी बीच उनको डूंगरपुर के मामले में 10 वर्ष की सजा हुई थी। उसके बाद क्वालिटी बार मामले में उनको आरोपी बनाया गया था। उनकी जमानत को सेशन कोर्ट ने खारिज कर दिया था। उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट की शरण ली थी। उसके बाद उनके मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। रामपुर कोर्ट में शत्रु संपत्ति से जुड़े मामले में धाराएं बढ़ा दी थी। उसके बाद कुछ दिनों के लिए मामला लटक गया था, लेकिन बचाव पक्ष ने इस मामले को चैलेंज कर दिया। अब कोर्ट से सारी कागजी कार्रवाई होने के बाद उनके परवाने रवाना कर दिए हैं। मंगलवार को उनकी रिहाई हो सकती है। लगभग 95 मामलों में जमानते हो गई हैं। 23 माह के बाद आजम खां जेल से बाहर आ सकते हैं। जानकारी मिलने के बाद सपाइयों में खुशी छा गई है। मंगलवार को सपाईयों सहित पक्ष और विपक्ष की नजरें उनकी रिहाई पर रहेगी।
