UP : मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और बेटे पर फ्रॉड के मामले में FIR
संभल, अमृत विचार। मशहूर हेयर डिजाइनर जावेद हबीब, उनके बेटे अनस हबीब और एक अन्य साथी पर लाखों रुपए के फ्रॉड का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि संभल में दर्जनों लोगों को मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर करोड़ों का निवेश कराया गया। बाद में कंपनी बंद कर आरोपित फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि थाना रायसत्ती में कई लोगों ने तहरीर दी थी। पीड़ितों का आरोप है कि जावेद हबीब व उनके साथियों ने पुनिकल ग्लोबल कम्पनी के नाम से करोड़ों की ठगी की है। बताया गया कि रॉयल पैलेस सरायतरीन में एक बड़ी मीटिंग बुलाई गई थी। इस मीटिंग में निवेशकों को यह कहकर फंसाया गया कि साल भर में 50 से 75 प्रतिशत तक का मुनाफा दिया जाएगा।
लोगों से पैसा वाईनेंस और विडकोइन ट्रेनिंग के नाम पर इन्वेस्ट कराया गया। बाद में लोगों ने पैसा वापस मांगा तो आरोपी कंपनी बंद होने की बात कहकर यहां से रफूचक्कर हो गए। एसपी ने बताया कि जावेद हबीब, उनके बेटे अनस हबीब और सैफुल समेत अन्य लोगों के खिलाफ थाना रायसत्ती पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कई तहरीरें पहले ही पुलिस को मिल चुकी थीं। विस्तृत जांच के बाद अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए गए थे।
ये भी पढ़ें-Moradabad : बेटी से रेप का आरोपी पिता से बोला, हवस में हो गया था अंधा
