बलरामपुर में यूट्यूब चैनल हैक कर फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख की मांग 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बलरामपुर, अमृत विचार। साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूट्यूब चैनल हैक कर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो साइबर अपराधियों को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से एक एंड्रायड फोन और एक आईफोन 13 बरामद किया है।

वादी विनय कुमार, निवासी चिरैया भीखपुर थाना कोतवाली देहात ने साइबर थाना में तहरीर दी थी कि उनके यूट्यूब चैनल @Factuvinay (करीब 36 लाख सब्सक्राइबर) को हैक कर लिया गया है। आरोपितों ने चैनल लौटाने के लिए 8 लाख रुपये की मांग की थी तथा 1 लाख 60 हजार 500 रुपये पहले ही ले चुके थे।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर एएसपी विशाल पांडेय व सीओ डी.के. श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक आर.पी. यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। वादी को साथ लेकर पुलिस टीम कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां आरोपित मो. शाहिल रजा व मो. शब्बीर रजा, निवासी पूर्णिया (बिहार) को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने चैनल हैक कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चैनल से 3-4 लाख रुपये मासिक आय होती है, जिसे हड़पने की मंशा से उन्होंने धमकी दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर बलरामपुर लाकर न्यायालय में पेश किया।

ये भी पढ़े : GST दरों में बड़ी कटौती...किसानों और आम जनता को होगा लाभ: प्रभारी मंत्री

संबंधित समाचार