कानपुर: जरीब चौकी फ्लाईओवर से जुड़ेगी एलिवेटेड ट्रैक व रोड अभी तय नहीं, जानिए वजह
कानपुर, अमृत विचार। जरीब चौकी पर फ्लाईओवर और जीटी रोड किनारे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण इस वर्ष शुरू नहीं हो सकेगा। क्योंकि संबंधित अधिकारी व अभियंता इन परियोजना की अभी तक डीपीआर ही नहीं पूरी तरह से फाइनल कर सके है, जिसकी वजह से इस दीपावली तक निर्माण का दावा फेल होता दिख रहा है। वहीं, अधिकारी अभी यह भी तय नहीं कर सके हैं कि एलिवेटेड पुल जरीबचौकी फ्लाईओवर से जुड़ेगा या नहीं। इसपर अभी आसमंजस की स्थिति बनी हुई।
जरीब चौकी क्रासिंग पर लगने वाले जाम से वाहन सवार लोगों को निजात दिलाने के लिए यहां पर फ्लाईओवर प्रस्तावित है, जिसको शासन से वित्ती स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 320 करोड़ से यहां पर चार लेन का पुल बनना है। वहीं, जीटी रोड के किनारे अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण होना है। इस ट्रैक को जरीबचौकी फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन वर्तमान में इसपर पूरी तरह से मोहर नहीं लग पा रही है।
इधर, रामादेवी से गोलचौराहा तक एलिवेटेड रोड का भी निर्माण होना है, ऐसे में अधिकारी जरीबचौकी फ्लाईओवर को एलिवेटेड ट्रैक व रोड से जोड़ने के संबंध में आसमंजस में है। वहीं, अभी इन परियोजना की डीपीआर तैयार नहीं होने से चीजें भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
एनएच लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार जयंत ने बताया कि जीटी रोड किनारे एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव वार्षिक योजना में शामिल है, जिसके निर्माण की लागत 1500 करोड़ रुपये है। अभी वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। इसकी डीपीआर भी लगभग फाइनल हो गई है, लेकिन अभी कुछ अड़चनें हैं।
इन्हें दूर करते ही डीपीआर स्वीकृत के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही जरीबचौकी फ्लाईओवर से एलिवेटेड रोड जोड़ने के संबंध में अभी वार्ता की जानी है। ताकि भविष्य में दिक्कत न हो सके।
कंपनी चयनित की रिपोर्ट गई मुख्यालय
सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक विजय कुमार सेन के मुताबिक जरीबचौकी रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए सेतु निगम ने ठेकेदार कंपनी चयनित कर रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है, जरूरी प्रक्रिया के संबंध में फाइल मुख्यालय भेज दी गई है। मुख्यालय से अनुमति मिलते ही कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। पुल निर्माण स्थल से सीवर लाइनें और पाइपलाइनें शिफ्ट करने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। दीपावली के बाद निर्माण शुरू कराने की तैयारियां की जा रही हैं। इस पुल के बनने से एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
मंत्रालय से मिले अड़चने दूर करने के संकेत
मुख्यालय में इस संबंध में कई बार अधिकारियों के बीच बैठकें हो चुकी हैं, जिनमे दिए गए सुझावों के आधार पर कई संशोधन किए गए हैं। इन संशोधनों में एलिवेटेड रोड को जरीबचौकी फ्लाईओवर से जोड़ने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही एलिवेटेड रोड में श्यामनगर मोड़, टाटमिल चौराहा और अफीमकोठी में भी रैंप बनाने की योजना शामिल है। हालांकि, अभी एलिवेटेड रोड निर्माण में भी कुछ अड़चनें हैं। मंत्रालय ने इन अड़चनों को दूर कर डीपीआर स्वीकृत करने के संकेत दिए हैं।
