बाराबंकी : पति पर हत्या का आरोप, बिहार पुलिस करेगी जांच, रेल पटरी किनारे मिला था क्षत विक्षत शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे मिले विवाहिता के क्षत विक्षत शव को लेकर परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। एसपी से मिलकर पूरे मामले की जांच व एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई लेकिन गुमशुदगी बिहार में दर्ज होने की वजह से पुलिस ने बाराबंकी में किसी कार्रवाई से इंकार किया है। 

बताते चलें कि गत 3 सितंबर को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रेल पटरी किनारे एक विवाहिता का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। उसके पास से बेतिया से मुजफ्फरपुर तक का टिकट मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद यह सूचना प्रसारित की गई तो बिहार में जिला सीतामढ़ी थाना पुनौरा मोहल्ला शांतिनगर तलखापुर डुमरा के रहने वाले राजीव कुमार वर्मा ने मृतका की पहचान अपनी बहन अर्चना के रूप में की। 

गत 15 सितंबर को एसपी से मिले राजीव कुमार ने बताया कि उनकी बहन अर्चना की हत्या उसके पति विकास ने की है। पूरा परिवार उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहा था। 2 सितंबर को विकास ने बताया कि अर्चना घर से भाग गई है। वहीं अर्चना के पति की ओर से 2 सितंबर को ही गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। इसके दूसरे दिन 3 सितंबर को बाराबंकी में विवाहिता का शव मिलने की घटना सामने आई। 

बहन सुमन का कहना है कि अर्चना की हत्या उसके पति विकास ने ही की है। इस बारे में एसपी से फिर मिलकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की गुमशुदगी बिहार में दर्ज है इसलिए वहां की पुलिस ही इस मामले की जांच करेगी। बाराबंकी पुलिस का पूरा सहयोग रहेगा।

संबंधित समाचार