ग्रेटर नोएडा में नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ, परिवहन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान गुरुवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने एक्सपो मार्ट से नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह व्यापार मेला 25 से 29 सितंबर तक चलेगा और इसका उद्घाटन बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, जहां उन्होंने देशवासियों को संबोधित किया।

भारत सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन प्रोत्साहन नीति के तहत नोएडा क्षेत्र में सात इलेक्ट्रिक बसें पंजीकृत की गई हैं। ये बसें नोएडा से हरिद्वार, देहरादून और आगरा के लिए चलेंगी। खास बात यह है कि नोएडा से हरिद्वार और देहरादून के लिए अभी तक कोई इलेक्ट्रिक बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इस नई पहल से यात्रियों को सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का विकल्प मिलेगा।

परिवहन मंत्री ने बसों को रवाना करने से पहले पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने एक्सपो मार्ट में परिवहन विभाग के स्टॉल का दौरा किया और वहां प्रदर्शित सेवाओं की सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने पुलिस विभाग, एमएसएमई, चिकित्सा, पंजाब एंड सिंध बैंक, रोडवेज और अन्य स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। 

मंत्री ने 10,000 वर्ग फीट में फैली इलेक्ट्रिक वाहन प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां नवीनतम तकनीकों और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। स्थानीय लोगों ने नोएडा से हरिद्वार, देहरादून और आगरा के लिए इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर खुशी जताई। 

इस अवसर पर डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर हरिशंकर, संभागीय परिवहन अधिकारी पी.के. सिंह, के.डी. सिंह और नोएडा के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. सियाराम वर्मा उपस्थित रहे। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि यात्रियों के लिए आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

यह भी पढ़ेंः ट्रंप का भारत पर बड़ा प्रहार, 100% होगा टैरिफ... 5 दिन बाद होगा लागू

संबंधित समाचार