दुर्गा पंडाल स्थलों पर सफाई व लाइट न लगाने से सभासद आक्रोशित, प्रभारी अधिशासी अधिकारी को दिया ज्ञापन
गोंडा, अमृत विचार: नगर पालिका परिषद कार्यालय में गुरुवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में दुर्गा प्रतिमा पंडालों की स्थापना से पूर्व आवश्यक सुविधाएं न मिलने से नाराज सभासदों ने धरना प्रदर्शन किया। सभासदों की मांग थी कि पंडाल स्थलों पर गड्ढों को भरा जाए, चूना और फॉगिंग के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाए, साथ ही सभी स्थलों पर स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की जाए।
सभासदों का कहना है कि नवरात्रि शुरू हो गई है, दुर्गा प्रतिमाएं पंडाल में पहुंच रही है, लेकिन नगर पालिका द्वारा अब तक किसी भी वार्ड में साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, या मच्छर रोधी उपाय नहीं किए गए हैं, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरना स्थल पर पहुंचे उप जिलाधिकारी एवं नगर पालिका परिषद के प्रभारी अधिशासी अधिकारी विशाल कुमार को मांग पत्र भी सौपा गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी वार्डों में दुर्गा प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई, गड्ढा भराव, चूना, फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र ही कराई जाएगी। सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान सभासद अनूप श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा, अलंकार सिंह, फहीम सिद्दीकी, रेखा सोनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़े : Stock Market Today: ट्रंप के ब्रांडेड दवाओं पर 100% टेरिफ से शेयर बाजार में भूचाल..सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के
