गोंडा: कंपोजिट विद्यालय में घुसकर शिक्षिका से मारपीट, फाड़ा रजिस्टर, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। नवाबगंज के हरिवंशपुर कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार को पढ़ा रही एक शिक्षिका के साथ उस समय गंभीर घटना घट गई जब गांव के विवाद को लेकर दो लोगों ने विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षिका के साथ मारपीट की और विद्यालय का रजिस्टर फाड़ दिया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अयोध्या जिले के लवकुश नगर नया घाट निवासी शिक्षिका सुधा देवी ने बताया कि वह हरिवंशपुर कंपोजिट विद्यालय में तैनात हैं। शुक्रवार को करीब 11 बजे वह बच्चों को पढ़ा रही थीं, तभी बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी पत्नी रामनारायण और दीनानाथ विद्यालय में आ धमके।
शिक्षिका के अनुसार, दोनों लोग किसी पुराने गांव के विवाद को लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लात-घूंसे से मारपीट की और मेज पर रखा विद्यालय का रजिस्टर फाड़ दिया। यही नहीं, जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत पर लक्ष्मी और दीनानाथ के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
