Sitapur encounter: पुलिस मुठभेड़ के बाद क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में 25 हजार का इनामी
सीतापुर, अमृत विचार। जिले की क्राइम ब्रांच सटीक सूचना के बाद 25 हजार के इनामी को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने में सफल रही। देर रात हुई धरपकड़ में लखीमपुर खीरी जनपद के गोला थानाक्षेत्र स्थित इस्लामनगर गांव वासी 25 हजार के इनामी के कब्जे से असलहा और बड़ी संख्या में कारतूसों के अलावा नकदी आदि बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के मुताबिक, मुखबिर की सूचना से पता चला था कि खीरी का शातिर अपराधी शमशेर पुत्र लक्खा किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। इसी के बाद उसकी कमलापुर इलाके में घेराबंदी हुई, क्राइम ब्रांच और कमलापुर की टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग की। जवाबी हमले में शमशेर के बाए पैर में गोली लगी है, इलाज के लिए उसे सीएचसी कसमण्डा से जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
आरोपी पर लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, खीरी, हापुड़, बागपत, बाराबंकी आदि जनपदों में गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं। खीरी जनपद वासी शमशेर अपने गैंग के साथ मिलकर शहरी क्षेत्र और उसके आसपास महिलाओं को टारगेट करता था।

शातिर गैंग चेन छीनने के अलावा अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। धरपकड़ में क्राइम ब्रांच प्रभारी सतेंद्र सिंह और उनकी टीम के अलावा कमलापुर पुलिस शामिल रही।
