Basantkuj Scheme: बसंतकुंज योजना में लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज... दो सुपरवाइजर निलंबित, ठेकेदार पर पांच लाख जुर्माना
लखनऊ, अमृत विचार : हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना का गुरुवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निरीक्षण किया तो सेक्टर-आई में मैंगो पार्क के पास नजूल भूमि पर अवैध कब्जा करके भवन निर्माण होते पाया। अफसरों से जवाब तलब किया तो प्रवर्तन टीम की लापरवाही उजागर हुई। नाराजगी जताते हुए सहायक अभियंता के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर दी।
सेक्टर-जे, के, आई एवं ओ का भी निरीक्षण किया। पाया कि कुछ जगहों पर ग्रीन बेल्ट व आबादी के पास रिक्त पड़ी अर्जित भूमि अनियोजित है। उपाध्यक्ष ने ऐसी सभी भूमि को नियोजित करके नये आवासीय व व्यावसायिक भूखंड सृजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर-ए में सर्वे का कार्य दो सप्ताह में पूर्ण करने को कहा।
इसके अलावा अभियंत्रण जोन-7 में प्रचलित विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें क्षेत्रीय सुपरवाइजर जगरूप यादव व सूरज कुमार द्वारा कार्य में लगातार लापरवाही पाई। इतना ही नहीं उपाध्यक्ष को निरीक्षण में दोनों सुपरवाइजर अनुपस्थित मिले। उन्होंने दोनों को निलम्बित कर दिया। वहीं, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निरीक्षण में जल निकासी के लिए निर्मित किये जा रहे फ्लड पम्पिंग स्टेशन की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर कार्यदायी संस्था मेसर्स एकमे पम्पस एंड पॉवर प्रोजेक्ट प्रालि पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया।
संवरेंगे पार्क, सड़कों की होगी मरम्मत
उपाध्यक्ष ने हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क और योजना में विकसित किये जा रहे आयुर्वेदा पार्क व मैंगो पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों में चल रहे विकास, सौंदर्यीकरण व हॉर्टीकल्चर के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही बरसात में खराब सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कराने के लिए कहा। इसके अलावा पूरी योजना में निर्मित व निर्माणाधीन भवनों का सर्वे कराकर बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा।
