Lucknow Metro: कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से चंद मिनटों में परिवार से मिली बच्ची, लौटी मुस्कान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: तकनीक और सतर्कता का सटीक उदाहरण शुक्रवार को लखनऊ मेट्रो में देखने को मिला। जहां कर्मचारियों ने चंद मिनटों में ही परिवार से बिछड़ी बच्ची को मिला दिया। जिससे बच्ची और उनके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

हजरतगंज स्थित मेट्रो स्टेशन पर सुजीत कुमार सिंह परिवार के साथ चारबाग जाने के लिए पहुंचे थे। स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जैसे ही मेट्रो ट्रेन आकर स्टेशन पर रुकी उनकी 8 साल की बच्ची दरवाजा खुलते ही अंदर चली गई। वहीं इसी बीच दरवाजा बंद हो गया और परिवार के अन्य लोग बाहर ही रह गये। इससे पहले पिता सुजीत कुमार सिंह कुछ समझ पाते मेट्रो ट्रेन चारबाग की तरफ बढ़ चली। हालांकि पुलिस विभाग में तैनात सुजीत कुमार सिंह ने तत्काल स्टेशन कंट्रोल रूम (एससीआर) को घटना की जानकारी दी। एससीआर में मौजूद कर्मचारियों ने एआई आधारित सीसी कैमरे से न सिर्फ ट्रेन की स्थित देखी बल्कि बच्ची की पहचान भी कर ली। तत्काल चारबाग रेलवे स्टेशन पर सुरक्षाकर्मियों ने बच्ची को सकुश मेट्रो ट्रेन से उतारा और बाद में पिता के पहुंचने पर उन्हें सौंप दिया। अपनों से मिलने के बाद जहां बच्ची की मुस्कान लौटी तो वहीं परिजनों ने मेट्रो कर्मचारियों की सतर्कता और संवेदनशीलता को सराहा।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस घटना में मेट्रो कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा,यूपीएमआरसी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हमारे कर्मियों ने जिस सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बच्ची को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया, वह अत्यंत सराहनीय है।

यह भी पढ़ेंः State Boxing Competition: बॉक्सिंग पंच के दम पर लखनऊ की बेटियां बनी चैंपियन... गोरखपुर ने भी मारी बाज़ी

संबंधित समाचार