अब नहीं चलेगा कटिया जुगाड़, बस्ती-लखनऊ हाईवे पर सेटेलाइट इमेजिंग से चिन्हित किए गए 800 से अधिक ढाबे

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। बस्ती और लखनऊ हाईवे पर स्थित ढाबों में अब 'कटिया' से बिजली का जुगाड़ नहीं चलेगा। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बिजली चोरी को रोकने के लिए एक बड़े संयुक्त अभियान की शुरुआत की है। अयोध्या और लखनऊ विद्युत वितरण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान में बिजली चोरी करने वाले ढाबा संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पॉवर कॉर्पोरेशन ने पहले ही 800 से अधिक ढाबों को चिह्नित कर लिया है, जहां अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली का दुरुपयोग हो रहा है। यह ढाबे सेटेलाइट इमेजिंग के माध्यम से चिन्हित किए गए हैं। इन ढाबों से सालाना करोड़ों रुपये की बिजली चोरी हो रही है, जिससे ग्रिड पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और वैध उपभोक्ताओं को प्रभावित करता है।

अभियान की कमान रुदौली, सोहावल और अयोध्या के सब-डिविजनल ऑफिसर एसडीओ को सौंपी गई है। लखनऊ से पॉवर कॉर्पोरेशन की एक पांच सदस्यीय विशेष टीम इस अभियान में सहयोग करेगी। टीम में इंजीनियर, कानूनी विशेषज्ञ और प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं, जो स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर छापा मारेंगे और जांच करेंगे।

अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान न केवल बिजली चोरी को रोकेगा, बल्कि राजस्व हानि को भी कम करेगा, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। चिह्नित ढाबों में से अधिकांश रुदौली और सोहावल क्षेत्रों में स्थित हैं। अयोध्या क्षेत्र में भी कई ऐसे प्रतिष्ठान हैं, जो पर्यटकों की भीड़ का फायदा उठाकर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं।

अभियान के दौरान एक साथ कई कार्रवाई भी होगी

अभियान के दौरान टीम ढाबों की जांच करेगी, अवैध कनेक्शन काटेगी और चोरी की मात्रा के आधार पर जुर्माना लगाएगी। गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। पॉवर कॉर्पोरेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभियान एक सप्ताह तक चलेगा और जरूरत पड़ने पर विस्तारित किया जाएगा। हमारा लक्ष्य बिजली चोरी को शून्य स्तर पर लाना है। तकनीकी उपकरणों जैसे मीटर रीडर और इंस्पेक्शन किट का उपयोग करेंगे ताकि चोरी का सटीक पता लगाया जा सके।

हाईवे के ढाबों पर अभियान प्रस्तावित है। अभी कार्य योजना बनाई जा रही है। इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। तिथि की जानकारी नहीं दी जा सकती है।-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण मंडल।

ये भी पढ़े : शारदीय नवरात्र: यूपी के मंदिरों में उमड़ा आस्था और भक्ती का सैलाब...4 दिनों में 40 लाख श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन

संबंधित समाचार