जीएसटी कार्यालय के बाहर खडे़ वाहनों का नया ठिकाना होगा खुजौली... बनाया जाएगा प्रवर्तन टीम के लिए कार्यालय
डालीबाग वीवीआईपी गेस्ट हाउस, मीराबाई मार्ग स्थित जीएसटी कार्यालय के सामने सड़क पर खडे़ रहते थे भारी वाहन
नीरज मिश्र, लखनऊ, अमृत विचार: डालीबाग वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने हो या फिर मीराबाई मार्ग स्थित जीएसटी कार्यालय के बाहर के मुख्य मार्ग के बाहर प्रवर्तन के दौरान पकड़कर लाए जा रहे हल्के-भारी वाहन सड़क पर नजर नहीं आएंगे। विभाग ने इनके लिए नया ठिकाना खोज लिया है। इनका नया पता किसान पथ के आगे जेल रोड के पास खुजौली चौकी के निकट का वह क्षेत्र होगा जहां प्रवर्तन कार्य के दौरान पकड़ कर लाए जा रहे इन वाहनों पर कार्यवाही पूरी होने तक खड़ा कराया जाएगा। यही नहीं इसी स्थान प्रवर्तन टीम के लिए कार्यालय भी बनाया जाएगा। अरसे से इंतजार कर रहे विभाग को जमीन मिल गई है। सबकुछ ठीकठाक रहा तो निर्माण कार्य के लिए इसी वित्तीय वर्ष में बजट मिलने के आसार हैं।
दरअसल सरकार के लिए राजस्व जुटाने वाले जीएसटी विभाग के पास प्रवर्तन कार्य के दौरान पकड़ कर लाए जा रहे वाहनों को खड़ा कराने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। नतीजा यह भारी वाहन या तो डालीबाग वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बाहर मार्गों पर खडे़ कर दिए जाते थे या फिर उन्हें मीराबाई गेस्ट हाउस के पास स्थित कार्यालय के बाहर सकरी सड़क पर खडे़ कर दिए जाते थे। इससे जाम लगता था और कई बार लोग इसकी चपेट में आकर चोट खाते थे। इसे लेकर करीब एक दशक से इन वाहनों के लिए जगह ढूंढी जा रही थी। बरसों बाद जमीन पर खुजौली चौकी के निकट 0.805 हेक्टेयर जमीन पर मुहर लग गई है।
मृदा परीक्षण का काम तेज हुआ
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कार्यवाही तेज हो गई है। जमीन का मृदा परीक्षण कराया जा रहा है। अतिशीघ्र रिपोर्ट आ जाएगी। इसके साथ ही कार्यदायी संस्थाओं से प्रस्ताव मांगा जा रहा है। अगले माह के अंत तक निर्माण एजेंसियां अपने प्रस्ताव दे देंगी। बजट मिलते ही आगे की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ेगी। जीएसटी अफसरों के मुताबिक अरसे से सड़कों पर खडे़ हो रहे वाहनों को बहुत जल्द पार्किंग का स्थान मिलेगा।
यह भी पढ़ेंः Ramleela: जंगल में छलावा बना मायावी मृग, रावण ने साधु वेश में किया माता सीता का हरण
