'I love Muhammed' के बाद 'I love Yogi Adityanath' और 'I love bulldozers' के लगे पोस्टर, बढ़ा विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश में 'आई लव मोहम्मद' का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इसके जवाब में अब राजधानी लखनऊ में 'आई लव योगी आदित्यनाथ' और 'आई लव बुलडोजर' के पोस्टर लगाए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक नेता द्वारा लगवाए गए इन पोस्टरों ने प्रदेश में एक नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है।

लखनऊ के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर ये होर्डिंग्स साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। ये पोस्टर बीजेपी युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी ने लगवाए हैं, जिनके जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी निष्ठा और समर्थन जाहिर किया है।

लखनऊ में प्रमुख स्थानों पर लगे पोस्टर

इन होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक बड़ी तस्वीर के साथ-साथ बुलडोजर और बीजेपी नेता अमित त्रिपाठी की तस्वीर भी शामिल है। पोस्टरों पर लिखा है, 'आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी' और 'आई लव बुलडोजर'। ये होर्डिंग्स लखनऊ के वीवीआईपी चौराहा, समता मूलक चौराहा और जानकीपुरम जैसे प्रमुख स्थानों पर लगाई गई हैं। ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, और लोग इसे 'आई लव मोहम्मद' पोस्टरों के जवाब के रूप में देख रहे हैं।

बीजेपी नेता अमित त्रिपाठी ने इस बारे में कहा कि जब से योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से राज्य में कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि यूपी के लोग मुख्यमंत्री योगी को बहुत पसंद करते हैं और उनके शासन में अराजकता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाता। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है।

बरेली में नमाज के बाद हंगामा

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टरों को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। इसी बीच, बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बड़ा बवाल हो गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर लेकर नारेबाजी की, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

यह मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है, और इन पोस्टरों ने प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक बहस को और गर्म कर दिया है।

संबंधित समाचार