लखीमपुर खीरी : सिपाही को धक्का देकर भागा पाक्सो का आरोपी, मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाए जा रहे पॉक्सो एक्ट का आरोपी शुक्रवार दोपहर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। सूचना मिलते ही नवागत शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने स्वॉट टीम के साथ आरोपी की घेराबंदी कर ली। लखपेड़ा गंज खडंजा मार्ग पर मजार के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने काबू में कर लिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सदर कोतलाली के गांव सेहरुआ निवासी रिजवान अली पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज था। कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल कराने जिला अस्पताल ले जाते समय वह गुलरीपुरवा नहर के पास पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। सूचना पर नवागत शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह स्वॉट टीम प्रभारी जयप्रकाश यादव के साथ मौके पर पहुंचे। मुखबिर की सूचना पर सेवढ़ा–लखपेड़ा गंज खड़ंजा मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी।
मजार के पास आरोपी ने पुलिस को देख गालियां देते हुए तमंचे से फायर कर दिया, जिसकी गोली कोतवाल के सिर के ऊपर से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में कोतवाल की पिस्टल से चली गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा व एक खोखा कारतूस बरामद किया। कोतवाल की तहरीर पर रिजवान अली के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
