बरेली: 22 गांवों का ड्रोन से सर्वे, 38782 ग्रामीणों को मिलेगा स्वामित्व योजना का लाभ
अमृत विचार, बरेली। नवाबगंज के 319 और मीरगंज तहसील के तीन गांवों के ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की तैयारी तेज हो गयी है। सर्वे ऑफ इंडिया की दो सदस्यीय टीम चिह्नित गांवों का ड्रोन से सर्वे कर रही है। 22 गांवों का सर्वे पूरा हो चुका है। अन्य गांवों का सर्वे तेजी …
अमृत विचार, बरेली। नवाबगंज के 319 और मीरगंज तहसील के तीन गांवों के ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की तैयारी तेज हो गयी है। सर्वे ऑफ इंडिया की दो सदस्यीय टीम चिह्नित गांवों का ड्रोन से सर्वे कर रही है। 22 गांवों का सर्वे पूरा हो चुका है। अन्य गांवों का सर्वे तेजी से कराया जा रहा है। ड्रोन से सर्वे कराने से पहले आबादी और मकानों का स्थानीय स्तर पर राजस्व टीमों से सर्वे कराया गया। इनमें 263 गांवों में 38782 ग्रामीणों के मकान चिह्नित किये गये थे। इसके बाद मकानों की चूने से मार्किंग की गयी ताकि ड्रोन से सर्वे के दौरान सफेद चूने के सहारे मकान कैद हो जाएं।
सर्वे ऑफ इंडिया की टीम ड्रोन से सर्वेक्षण पूरा कर नक्शा तैयार करेगी। वह नक्शा जिला प्रशासन के पास आएगा। उस नक्शे के आधार पर प्रशासन चिह्नित गांवों के मकानों का भौतिक सत्यापन कराएगा। इसके बाद रिपोर्ट सर्वे ऑफ इंडिया के पास भेजी जाएगी। वहां उस रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद फाइनल रिपोर्ट जारी होगी। इसके बाद ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति कार्ड आवंटित किये जाएंगे।
योजना के नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि सर्वे ऑफ इंडिया की ओर से मेजर आशीष दुबे और उनके एक सहयोगी ड्रोन से सर्वे कर रहे हैं। स्वामित्व योजना में शामिल होने के बाद 322 गांवों के ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक मिलेगा। खतौनी में उनका नाम भी चढ़ेगा, जो संपत्ति कार्ड उन्हें मिलेगा उसके जरिये ग्रामीण अपनी संपत्ति पर बैंक से ऋ ण भी ले सकेंगे। कई अन्य फायदे भी होंगे। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल में की थी।
