चित्रकूट: खाद लेने के दौरान धक्का मुक्की से घायल वृद्धा की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना की उच्चस्तरीय जांच हो- अनुज हनुमत

मानिकपुर (चित्रकूट), अमृत विचार। खाद लेने के दौरान भीड़ की धक्कामुक्की से घायल वृद्धा की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवा समाजसेवी अनुज हनुमत ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। जानकारी के मुताबिक, जवाहरनगर निवासी लीलावती उर्फ बबुआ (65) गुरुवार को मानिकपुर ब्लाक स्थित साधन सहकारी समिति से खाद लेने गई थी। इसी दौरान वहां हुए हंगामे के दौरान वह भीड़ की धक्कामुक्की से गिरकर घायल हो गई थी। 

बताते हैं कि उसके ऊपर से कई लोग निकल गए थे। इससे उसकी कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। वृद्धा को जिला अस्पताल से प्रयागराज रिफर किया गया था। वहां शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मानिकपुर एसडीएम मो. जसीम ने बताया कि वृद्धा के नाम जमीन नहीं है। 

लेखपाल से पता चला है कि पति बच्चा यादव की मौत के बाद उसकी जमीन उसके पुत्रों के नाम कर दी गई थी। हो सकता है कि वह उनके लिए ही खाद लेने गई हो। मामले का पता लगाया जा रहा है। वृद्धा के चार पुत्र हैं। पुत्र संतोष ने खाद वितरण में लगे जिम्मेदारों और पुलिस व्यवस्था पर्याप्त न होने का आरोप लगाया। 

उधर, कस्बा निवासी युवा समाजसेवी अनुज हनुमत ने इस घटना की निंदा की। 
उन्होंने कहा कि घटना बहुत शर्मनाक है । वृद्ध विधवा महिला की मौत प्रशासन के उन दावों पर सवाल खड़े करती है, जिसमें कहा गया कि सब कुछ ठीक है और हालात काबू में है। सवाल यह है कि एक बोरी खाद की कीमत क्या गरीब की मौत के बराबर है ?

एक बोरी खाद के लिए गरीब किसान दिन भर लाइन में लग कर पसीना बहाता है और इसके बाद अगर इसी जद्दोजहद में उसे अपनी जान गंवाना पड़े तो इससे ज्यादा इस लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए क्या बुरा होगा। अनुज ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता बताई। बताया कि इससे पता चलेगा कि भीड़ को क्या कुछ अराजक तत्वों ने उकसाया था। इसके साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।

संबंधित समाचार