बाराबंकी : ट्रक के नीचे आकर रिटायर्ड शिक्षक की मौत
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में ट्रक की टक्कर से ई स्कूटी सवार रिटायर्ड शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमाबाद गांव निवासी जयचंद सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। वो दोपहर में इलेक्ट्रिक स्कूटी से भानपुर कोठी गांव की ओर से घर लौट रहे थे।
उसी दौरान पूरे पनई गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई, वहीं जयचंद सिंह की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही, दुर्घटना करने वाले ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एचपी गैस एजेंसी से जुड़ा था और गोदाम पर गैस उतारकर वापस जा रहा था। कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
