UP News: काकोरी में तीन वाहन चोर गिरफ्तार, 8 बाइकें बरामद
जाली आधार की मदद से बेचते और गिरवी रखते थे वाहन
काकोरी, अमृत विचार: जाली नंबर प्लेट व आधार कार्ड की मदद से चोरी की बाइकें बेचने वाले तीन वाहन चोरों को काकोरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 8 बाइकें, 12 जाली आधार कार्ड की कॉपी व दो मोबाइल बरामद किया है। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि शनिवार तड़के सूचना मिली कि बड़ा गांव अंडरपास के पास से तीन वाहन चोरों को पकड़ा। पुलिस ने तलाशी के दौरान 12 जाली आधार कार्ड की कॉपी बरामद की। आरोपियों ने अपना नाम अमन यादव निवासी ग्राम कलियाखेड़ा, अनुज कुमार यादव उर्फ अमित निवासी ग्राम मकदुमखेड़ा असोहा उन्नाव और काकोरी के चकपरेवा निवासी राहुल कुमार बताया।
आरोपियों ने कबूला कि करीब एक साल से बाइकें चोरी कर रहे हैं। गिराेह में आशीष यादव निवासी रायबरेली व अंकुर भी शामिल हैं, जो बाइकें बिकवाने में भी मदद करते हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पांच बाइकें और एक स्कूटी बरामद की। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी चोरी की बाइक ऑनलाइन बेचने की फिराक में थे। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी की बाइकों के रजिस्ट्रेशन पर मालिक के नाम के आधार कार्ड में अपने फोटो एडिट कर खरीदारों को ठगने की योजना बनाई थी। बरामद गाड़ियों में तीन काकोरी, पारा, बिजनौर, बीकेटी व मोहनलालगंज की एक-एक है।
