TVK Vijay Rally Stampede: मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी, उपचाराधीन लोगों से मुलाकात की 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

करूर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चेन्नई से करूर पहुंचे और अभिनेता विजय की रैली में भगदड़ के दौरान घायल हुए लोगों का हालचाल जानने अस्पताल गए। स्टालिन ने चिकित्सकों से घायलों का हालचाल जाना, घायलों को ढाढ़स बंधाया और उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री स्टालिन ने मृतकों को पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों से भी मुलाकात की। 

उन्होंने कहा कि भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों के विलाप और आंसुओं से वह मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री आधी रात के बाद चेन्नई से करूर पहुंचे। अधिकारियों ने करूर के जिलाधिकारी कार्यालय की हेल्पडेस्क से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

तमिलनाडु के करूर में एक भयावह हादसे में भगदड़ के कारण 39 लोगों की जान चली गई। इस त्रासदी में मरने वालों में आठ बच्चे और 16 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, घायलों के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया गया। स्टालिन ने इस मामले की गहन जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब अभिनेता और राजनेता विजय अपनी रैली में समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। यह भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई। दोपहर से ही भारी भीड़ जमा थी, जो विजय को देखने और सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही थी। जैसे ही कुछ लोग बेहोश होकर गिरने लगे, विजय की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद विजय ने तुरंत अपनी रैली रोक दी।

करूर के अस्पताल में तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री अंबिल महेश इस दुखद घटना से भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि लोगों को बार-बार नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसका पालन नहीं हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

संबंधित समाचार