Asia Cup 2025: कुलदीप की फिरकी फंसा पाकिस्तान, भारत ने 146 रन पर समेटा
दुबई। Asia Cup 2025 : कुलदीप यादव (चार विकेट), वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने रविवार को एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े। एक समय ऐसा लगा रहा था कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर खड़ा करेगा। 10वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने साहिबजादा फरहान को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। साहिबजादा फरहान ने 38 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लागते हुए 57 रन बनाये।
इसके बाद 13वें ओवर में कुलदीप यादव ने सैम अयूब (14) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। मोहम्मद हारिस (शून्य) को अक्षर पटेल ने आउट किया। 15वें ओवर में पाकिस्तान का चौथा विकेट फखर जमान के रूप में गिरा। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराया। फखर जमान ने 35 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 46 रनों की पारी खेली।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान का मध्यमक्रम और पिछल्लू बल्लेबाज तू चल मैं आया की तर्ज पर एक के बाद एक पवेलियन लौटते चले गये। 20वें ओवर की पहली गेंद पर बुमराह ने मोहम्मद नवाज (छह) को रिंकू सिंह के हाथों कैच आउटकरा पाकिस्तान की पारी का 146 के स्कोर पर अंत कर दिया। पाकिस्तान के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये। अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिये।
इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में रविवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद कहा कि पिच सख्त नजर आ रही है और विकेट खेल के लिए अच्छी है। भारतीय कप्तान ने कहा कि उनकी टीम के लिए मौक़े से अधिक महत्व इस बात का है कि वे उसी खेल को जारी रखना चाहते हैं।
रिंकू सिंह और शिवम दुबे टीम में शामिल किए गए हैं। अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और हर्षित राणा नहीं खेल रहे हैं। जसप्रीत बुमराह आज का मुक़ाबला खेल रहे हैं। पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा ने कहा कि अब तक जो उनकी टीम ने यहां खेला है उसको देखते हुए पिच अलग नजर नहीं आ रही है और पाकिस्तान की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
https://twitter.com/BCCI/status/1972301936520229361
भारत की प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान की प्लेइंग 11
साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
