अखिलेश यादव का आरोप- जानबूझकर सरकारी सेवाओं को खराब कर रही है भाजपा सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।गुणवत्तापूर्ण इलाज के अभाव में मरीज निजी अस्पतालों में जाने पर मजबूर है। 

सरकार जानबूझकर सरकारी सेवाओं को खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अन्तर है। भाजपा सत्ता से हटेगी तभी स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त दवा, इलाज नहीं मिल पा रहा है।

भाजपा सरकार राजधानी के बड़े अस्पतालों में भी मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं उपलब्ध करा पा रही है। सरकारी अस्पतालों से लोगों का भरोसा उठ रहा है। बड़े संस्थानों पीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान में भी वेंटीलेटर और बेड मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ज्यादातर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्थायी विशेषज्ञ डॉक्टर, महिला डॉक्टरों, नर्सेज और अन्य स्टाफ की कमी है।

सरकार लगातार सरप्लस बजट का दावा कर रही है लेकिन स्वास्थ्य विभाग से लेकर अन्य विभागों में स्थायी भर्ती और जरूरी सुविधाएं नहीं दे रही है। मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ रही है लेकिन सुविधाएं नहीं। संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा है। प्रदेश के तमाम मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ और सुविधाओं की कमी है। 

भाजपा सरकार समाजवादी सरकार में बने बड़े मेडिकल संस्थानों को बजट नहीं देती है। उनके साथ सौतेला व्यवहार होता है। इस सरकार ने मेडिकल संस्थानों को बर्बाद कर दिया। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में बने कैंसर इन्टीट्यूट में तमाम कार्य बजट के अभाव में नहीं चल पा रहे है। यह सरकार लखनऊ के सिविल अस्पताल में भी सुचारू ढंग से नहीं चला पा रही। 

जिलों-जिलों में अस्पतालों की दुर्दशा है। इनमें कभी बिजली नहीं, कभी सर्वर डाउन, कभी जांच ठप्प। मरीज और परिजन बेहाल घूमते हैं। मेडिकल कॉलेज के नाम पर जिलों में बिल्डिंगे है लेकिन सुविधाएं नहीं। उनमें गंभीर मरीजों का कोई इलाज नहीं मिलता है। सरकार झूठ और आंकड़ेबाजी से लोगों को गुमराह कर रही है। 

संबंधित समाचार