बरेली: गाड़ी निकालने को लेकर चली गोलियां, एक की मौत
अमृत विचार, बरेली। गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने तंमचों से लैस होकर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ चली गोलियों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद गांव में हंगामा हो गया। पीड़ित पक्ष ने जब शिकायत की तो दबंगों …
अमृत विचार, बरेली। गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने तंमचों से लैस होकर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ चली गोलियों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद गांव में हंगामा हो गया। पीड़ित पक्ष ने जब शिकायत की तो दबंगों ने उनपर पथराव कर दिया। गांव में पुलिस और पीएससी तैनात की गई है। इज्जतनगर के परतापुर चौधरी निवासी तसब्बर हुसैन रेलवे में फिटर के पद पर तैनात हैं।
उनके घर के सामने बाबू रहते हैं। बाबू के घर में शुक्रवार की शाम मीलाद का कार्यक्रम था। इनके घर आए मेहमानों की गाड़ियां दरवाजे के बाहर खड़ी थी। शाम को घर के पास रहने वाला अशरफ जो कि ड्राइवर है। अपनी गाड़ी लेकर वहां आ गया। अशरफ ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक नाले में गिर गई। बाबू के परिजनों ने इसका विरोध किया तो वह गाली-गलौज करता हुआ घर चला गया। कुछ देर बाद आरोपी अपने परिवार की महिलाएं और पुरुषों के साथ मौके पर आया और फायरिंग शुरू कर दी।
इससे वहां भगदड़ मच गई। गोली लगने से बाबू की पत्नी आयशा बानो, परिवार के सुहैल, शाहनवाज घायल हो गए, जबकि अनीस मारपीट में चोटिल हो गया। आरोप है कि दबंगों ने बीच-बचाव करने पर तसब्बर हुसैन को पीट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कार से भागने लगे। इस पर लोगों ने उनको घेर लिया और कार में तोड़फोड़ कर दी। हालांकि, आरोपी भागने में कामयाब हो गए। घटना की सूचना पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी समेत बारादरी और इज्जतनगर थाने का फोर्स ने पहुंच कर मामले को शांत कराया।
शिकायत करने पर दबंगों ने किया पथराव
मारपीट और फायरिंग की शिकायत करने के लिए पीड़ित परिवार अशरफ के घर पहुंचा, तो उसके घर की महिलाओं ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। साथ ही पथराव करके उन लोगों को वहां से भगा दिया।
दो पक्षों में गाड़ी निकालने को लेकर विवाद हुआ था। फायरिंग में तीन लोग घायल हुए है। जबकि प्रथम दृष्टिया पता चला है कि तसब्बर हुसैन की मौत हार्ट अटैक से हुई है। बाकी मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई है। रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी बरेली।
