रामपुर : सड़क पार कर रहे किसान को वाहन ने मारी टक्कर, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम
रामपुर, अमृत विचार। सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने किसान को टक्कर मारकर घायल कर दिया था। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
मिलक थाना क्षेत्र के गांव भैंसोड़ी निवासी 70 वर्षीय नत्थू लाल पेशे से किसान था। सोमवार दोपहर को किसी काम से हाईवे पर आकर सड़क पार कर रहा था कि इस दौरान सामने से आ रहे वाहन ने उसको टक्कर मारकर घायल कर दिया था। हादसे बाद आसपास के लोग मौके पर आ गए थे। उसके बाद उसको अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
हाईवे पर तेजी से दौड़ रहे वाहन बन रहे मौत का कारण
हाईवे पर तेजी से दौड़ रहे वाहन लोगों के लिए मौत का कारण बन रहे हैं। इससे पहले भी कई अन्य लोगों की वाहनों की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। उसके बाद भी पुलिस वाहनों का चालान नहीं काटती है। मृतक ने अपने पीछे दो लड़के और चार लड़कियों को छोड़ा है। सभी का रो रोकर बुरा हाल है। देर शाम तक लोगों का घर पर तांता लगा रहा।
