Balrampur News: महिला की चाकू मारकर हत्या, आरोपी ने खुद का भी रेता गला
बलरामपुर, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरैनिया तालाब मोहल्ले में मंगलवार रात करीब नौ बजे दिल दहला देने वाली वारदात हुई। मोहल्ला निबकौनी निवासी 32 वर्षीय शफीक पुत्र रशीद ने अपनी मौसेरी बहन 27 वर्षीय नरगिस पत्नी शाहनवाज पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल नरगिस को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शफीक ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से वार कर लिया, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी पर एएसपी विशाल पांडेय व सीओ ज्योति श्री पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एएसपी ने बताया कि नरगिस और शफीक मौसेरे भाई-बहन थे और इनके बीच पूर्व से संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। अप्रैल माह में दोनों का एक वीडियो वायरल होने के बाद से ही रंजिश बनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते शफीक ने वारदात को अंजाम दिया। मौके से चाकू बरामद कर लिया गया है।
मृतका के पति शाहनवाज ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी गैरमौजूदगी में आरोपी घर आया और कहासुनी के बाद पत्नी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो उन्होंने घटना अपनी आंखों से देखी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को इलाज के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ेंः अमेठीः रोडवेज बस और एम्बुलेंस की टक्कर एम्बुलेंस चालक की मौत, गाड़ी में फंसा ड्राइवर का शव
