पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जारी... 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, शातिर चोर अरुण यादव के पैर में लगी गोली, 6 मुकदमे थे दर्ज
अमेठी, अमृत विचार। अमेठी में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। इसी क्रम में, बीते 24 घंटों के भीतर पुलिस और अपराधियों के बीच यह दूसरी मुठभेड़ है। इस कार्रवाई में एक शातिर चोर अरुण यादव के पैर में गोली लगी है, जिसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के नौगिरवा चौराहे के पास देर रात की है।
अमेठी कोतवाली पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी और सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि एक बाइक सवार युवक पुलिस की जांच से बचने के लिए नहर की तरफ भाग रहा है। इसकी सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए भाग रहे बाइक सवार की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख, बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
ऐसे में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में बाइक सवार युवक के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बनधन गांव निवासी अरुण यादव के रूप में हुई है, जो एक शातिर चोर है। अरुण यादव पर अमेठी, गौरीगंज और मुंशीगंज समेत जिले के कई थानों में चोरी के 6 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर राहत की सांस ली है, क्योंकि जिले में चोरी की घटनाओं में हाल ही में काफी वृद्धि हुई थी।
पुलिस ने घायल चोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि चोर के पास से पुलिस ने एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा 315 बोर, एक मोबाइल फोन, 1400 रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
ये भी पढ़े :
