Ban VS Pak: पाकिस्तान और बांग्लादेश की नजरें महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन पर, जानें कौन मारेगा बाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कोलंबो: महिला वनडे विश्व कप में कमजोर मानी जाने वाली पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें गुरुवार को कोलंबो में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। दोनों टीमें इस आईसीसी टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगी। फातिमा सना की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम अपने सभी मैच कोलंबो में खेलेगी, जिसमें रविवार को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला भी शामिल है। दोनों टीमें क्वालीफिकेशन के जरिए विश्व कप में पहुंची हैं, जहां पाकिस्तान ने शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि बांग्लादेश दूसरे स्थान पर रहा।

पाकिस्तान का लक्ष्य निगार सुल्ताना की कप्तानी वाली बांग्लादेशी टीम पर अपना दबदबा कायम रखना होगा। पिछले विश्व कप में दोनों टीमें तालिका में सबसे निचले पायदान पर थीं, और अब अगले तीन हफ्तों में उन्हें ऊंची रैंकिंग वाली टीमों को हराने के लिए कुछ खास करना होगा। 

पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने कहा, “हमें यह फायदा है कि हम अपने सभी मैच एक ही स्थान पर और एकसमान परिस्थितियों में खेल रहे हैं। इससे हमें मदद मिलेगी। हमारा मुख्य लक्ष्य शीर्ष चार में जगह बनाना है। श्रीलंका की परिस्थितियां पाकिस्तान जैसी हैं, इसलिए हमें पता है कि यहां कैसे खेलना है।”

वहीं, बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने कहा कि 2022 में पहली बार विश्व कप खेलने के बाद से उनकी टीम के प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, “यह हमारा दूसरा वनडे विश्व कप है। पहले हमारे पास बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव कम था। तब से हमने अपने देश और विदेश में काफी क्रिकेट खेला है और अब हमें पता है कि मैच कैसे जीतने हैं। हम विश्व कप का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।”

बांग्लादेश का प्रदर्शन तेज गेंदबाज निशिता अख्तर निशी और ऑलराउंडर सौम्या अख्तर पर काफी हद तक निर्भर करेगा, जो इस साल अंडर-19 विश्व कप खेल चुकी हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम में अनुभवी खिलाड़ी बिस्माह मारूफ और निदा डार नहीं हैं, लेकिन कप्तान सना का कहना है कि उनकी कमी को पूरा करने के लिए कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “सिदरा अमीन, डायना बेग, नशरा सुंधू, आलिया रियाज और मुनीबा अली पहले विश्व कप खेल चुकी हैं। वहीं, ऐमन फातिमा, शावाल जुल्फिकार और नतालिया परवेज जैसे युवा खिलाड़ी हमारी टीम को मजबूती देते हैं।”

टीमें:

पाकिस्तान:
फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, डायना बेग, ऐमन फातिमा, नशरा सुंधू, नतालिया परवेज, ओमाइमा सोहेल, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शावाल जुल्फिकार, सिदरा अमीन, सिदरा नवाज, सईदा आरूब।

बांग्लादेश:
निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर, फरजाना हक, रूबिया हैदर, शरमीन अख्तर, शोभना मुस्तारी, रितु मनी, शोरना अख्तर, फाहिमा खातून, राबिया खान, मारूफा अख्तर, फरीहा इस्लाम, शंजीद अख्तर, निशिता अख्तर, सौम्या अख्तर।
मैच का समय: दोपहर 3 बजे से।

संबंधित समाचार