Rampur : महिला को जाल में फंसाकर तांत्रिक ने किया रेप, अश्लील वीडियो बना कर करता था ब्लैकमेल
स्वार, अमृत विचार। महिला ने तांत्रिक पर दुष्कर्म एवं अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग कर भारी भरकम रकम वसूलने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी तांत्रिक की तलाश की लकिन, तांत्रिक फरार हो गया।
तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गुलफाम निवासी ग्राम मिलक खानम खुद को तांत्रिक बताकर उसके संपर्क में आया। उसे अपने जाल में फंसा लिया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी कई बार उसे अपने घर बुलाता था। कोई नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर देता था। इस दौरान वह उसकी अश्लील वीडियो बनाता था। बाद में उन्हीं वीडियो के सहारे वह महिला को ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म करने और पैसे ऐंठने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वीडियो वायरल कर देगा और उसके पति को जान से मरवा देगा। आरोपी ने धमकाकर उससे मोटी रकम भी हड़प ली है। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने यह घिनौना कृत्य किया।
महिला ने पुलिस से आरोपी तान्त्रिक गुलफाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तांत्रिक गुलफाम के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी। लेकिन तांत्रिक गुलफाम फरार हो गया। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि महिला की ओर से तांत्रिक गुलफाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।
