मेरठ में युवक की दिनदहाड़े हत्या का Live Video वायरल, हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। मेरठ जिले में एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या किये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया गया है। लेकिन इस घटना के 48 घंटे बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

कथित वीडियो में हमलावरों को युवक को ज़मीन पर गिराते और फिर उस पर कई बार गोलियां चलाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहाड़ा गांव के जंगल में बुधवार सुबह एक ट्यूबवेल के पास चकरोड किनारे थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के राधना वाली गली निवासी आदिल उर्फ रिहान (25) का शव पाया गया था। कपड़े बेचने का काम करने वाले आदिल की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या की गई थी। 

पुलिस की जांच में सामने आया कि मंगलवार दोपहर आदिल को उसके दो दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आशंका है कि आरोपियों ने उसे जंगल में ले जाकर पहले बेहोश किया और फिर उसकी ही पिस्टल से तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। 

पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि पुलिस को वीडियो के बारे में पता चला है और उसमें दिख रहे युवकों की पहचान कर मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

संबंधित समाचार