कानपुर : इंजेक्शन लगाते ही महिला की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा तो भागा चिकित्सकों और नर्सिंगहोम का पूरा स्टॉफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाथ-पैर में दर्द, खांसी-जुखाम की समस्या पर अस्पताल लेकर आए थे परिजन

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर स्थित नर्सिंगहोम में हाथ-पैर में मामूली सूजन व खांसी-जुखाम के इलाज में इंजेक्शन लगाते ही 28 वर्षीय महिला की हालत गंभीर हो गई। वह छटपटाने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। यह देखकर पति बेहोश होकर गिर पड़ा।

परिजनों ने गलत इंजेक्शन का आरोप लगाया हंगामा किया तो चिकित्सक समेत पूरा स्टॉफ भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम भेजा। आरोप है कि मूसानगर की आशाबहू यहां सरकारी अस्पताल में दिखाने की बात कहकर लाई थी, लेकिन कमीशन के चक्कर में नर्सिंगहोम लेकर पहुंच गई।

कानपुर देहात के मूसानगर आढ़न गांव निवासी अजीत कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी पत्नी सुधादेवी ने हाथ-पैर में मामूली सूजन व खांसी और जुखाम की दिक्कत बताई थी। इस पर वह पत्नी को लेकर समीप के सरकारी अस्पताल गए। वहां दिखाने के बाद आशाबहू ने कहा, सुधा को कानपुर के सरकारी अस्पताल में दिखाओं, जल्द आराम मिलेगा। इसके बाद आशा उनके साथ कानपुर आई।

यहां सरकारी अस्पताल न ले जाकर कल्याणपुर स्थित लक्ष्य नर्सिंगहोम पहुंचा दिया। वहां सुधा का चेकअप हुआ और इसी बीच स्टॉफ ने एक इंजेक्शन लगा दिया। उसके बाद ही वह छटपटाने लगी। कुछ ही देर में सुधा की मौत हो गई। यह देखकर अजीत बेहोश होकर गिर पड़ा और परिजन गलत इंजेक्शन का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। रोने-चिल्लाने का शोर होने पर डॉक्टर व पूरा स्टॉफ मौके से भाग निकला। खबर पाकर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कालपी के अमरौधा निवासी सुधा के पिता लालाराम, मां शकुंतला, भाई लाखन सिंह ने बताया कि सात साल पहले उकसी शादी हुई थी। उसके पांच साल का बेटा है। सुबह खुद ही घर का पूरा काम किया है। सिर्फ हाथ-पैर में दर्द व सूजन के अलावा उसे कोई दिक्कत नहीं थी। ऐसे में इंजेक्शन लगाते ही कैसे मौत हो गई। नर्सिंगहोम स्टॉफ गलत ने इंजेक्शन लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार विसरा सुरक्षित है। 

आशा पर कमीशन का आरोप 

लाखन सिंह ने बताया कि आशाबहू सरकारी अस्पताल में इलाज की बात कहकर नर्सिंगहोम ले गई। वहां पता चला कि उसकी बेटी उसी नर्सिंगहोम में नौकरी करती है। उसे हर मरीज का अच्छा कमीशन मिलता है। इसी चक्कर में वह उनके झूठ बोलकर यहां लाई और उनकी बहन की जान चली गई। 

गलत इंजेक्शन से महिला की मौत की परिजनों ने शिकायत की है। मामले की जांच कर रिपोर्ट सीएमओ ऑफिस भेजी गई है। वहां से रिपोर्ट आने पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा... रंजीत कुमार, एसीपी।

संबंधित समाचार