लखनऊ : कैब चालक की हत्या कर पिसावां में फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बुकिंग लेकर सीतापुर के लिए निकले बुद्धेश्वर के वादरखेड़ा निवासी कैब चालक की यातनाएं देकर हत्या कर दी गई। उसका शव सीतापुर के पिसावां में खेतों पर झाड़ियों में पड़ा मिला। बदमाश कार, मोबाइल और रुपये भी लूट ले गए। पिता ने पारा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पारा और पिसावां पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पारा स्थित बुद्धेश्वर के वादरखेड़ा में योगेश कुमार पाल (27) पत्नी वंदना व परिवार के साथ रहता था। वह कार चलाता था। 29 सितंबर की शाम 6 बजे ओला से बुकिंग होने पर कार लेकर सीतापुर के लिए निकला था। पत्नी से देर रात तक लौटने की बात कही थी। देर रात तक न लौटने पर परिजन ने फोन किया तो मोबाइल बंद आ रहा था। 

ससुर बद्री ने 30 सितंबर को पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार रात करीब 8 बजे सीतापुर के पिसावां स्थित सरियापुर–फुक्हा गांव में झाड़ियों योगेश का शव मिला। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे थे और चेहरे पर टेप लपेटा था। आंखों, कान के पीछे और सिर से खून निकल रहा था। गर्दन पर गहरी चोटें थी। शरीर के अन्य हिस्सों पर काफी चोटें थीं। यातनाएं देकर हत्या करना स्पष्ट हो रहा था। फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल जुटाए।

पिसावां इंस्पेक्टर वीरेन्द्र सिंह तोमर के मुताबिक मृतक की पहचान न होने पर शव का फोटो और कपड़ों की डिटेल सोशल मीडिया पर वायरल की थी। आस-पास जिलों के पुलिस स्टेशन को फोटो भेजे थे। पारा इंस्पेक्टर ने संपर्क किया। इसके बाद परिजन व को लेकर सीतापुर पहुंचे।

परिजन ने शव की शिनाख्त योगेश के रूप में की थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव उन्नाव के बांगरमऊ ले गए। बांगरमऊ निवासी पिता राधेलाल ने हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाइवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

परिजन के मुताबिक योगेश ने अंतिम बार मंगलवार रात 9 बजे पत्नी से की थी। टोल प्लाजा, सीतापुर हाईवे के ढाबों व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे थे। इसमें योगेश की अर्टिगा कार दिखी है। उसमें कितने लोग बैठे हुए थे, इसका पता लगाया जा रहा है।

संबंधित समाचार