UP : कई सपाईयों को किया नजर बंद, शहाबुद्दीन बोले-सपा बरेली को बनाना चाहती है संभल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बवाल के बाद राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी बरेली आने की फिराक में है, जिसके बाद उन्हें पुलिस की तरफ से लगातार नजरबंद किया जा रहा है। शनिवार को कई सपा नेताओं को पुलिस ने नजर बंद कर दिया। उधर सपा पदाधिकारियों के इस रवैये को लेकर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि सपा बरेली को संभल बनाना चाहती है। लिहाजा जनता और प्रशासन होशियार रहे।

दरअसल शनिवार को पुलिस ने सपा के सांसद नीरज मौर्य समेत भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम उनके पिता पूर्व विधायक इस्लाम साबिर, सपा नेता वीरपाल यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता नेहा यादव, हरिचरण कश्यप और जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप को नजर बंद कर दिया। सभी को अलग-अलग जगह उनके आवासों पर ही नजरबंद किया गया।

इधर पुलिस की इस कार्रवाई पर सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नेहा यादव ने कहा कि सरकार बेकसूर लोगों के घर बुल्डोजर चला रही है। खास वर्ग के लोगों पर ही कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

सपा नेताओं के रवैये पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि समाजवादी पार्टी माहौल को अशांत करना चाहती है। अखिलेश यादव को समझना चाहिए कि ये बरेली का स्थानीय मामला है। बाहर के लोगों को आकर इसमें दखल नहीं देना चाहिए। बरेली की गंगा जमुनी तहजीब और भाईचारे को बाकी रखने के लिए बाहरी लोगों से होशियार रहें। पुलिस व प्रशासन भी बाहरी लोगों पर नजर बनाए रखे। 

संबंधित समाचार