बाराबंकी : दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण का प्रयास, आटो चालक दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार दोपहर एक पीजी कालेज की नाबालिग छात्रा का आटो चालक व उसके साथियों ने जबरन अपहरण की कोशिश की। मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पास्को एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के एक कालेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रोजाना साइकिल से कॉलेज आती-जाती है। चार दिन पूर्व उसकी साइकिल पंक्चर हो गई थी, तभी बस स्टेशन पर मौजूद एक आटो चालक ने मदद के बहाने छात्रा को घर छोड़ा दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार छात्रा का पीछा कर उससे बातचीत का दबाव बनाने लगा।

शनिवार दोपहर आरोपी युवक आटो पर अपने चार साथियों के साथ छात्रा को उनके साथ देवा चलने की बात कहने लगा। छात्रा के इंकार करने पर वह जबरन उसे रेलवे मालगोदाम के पास झाड़ियों की ओर ले जाने लगा। छात्रा को परेशान देखकर लोगों ने तत्काल हिंदू संगठनों को सूचना दी।

हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मुख्य आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नालापार दक्षिणी वार्ड निवासी अमान के रूप में हुई है। सीओ जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार