बदायूं : फसल की रखवाली कर रहे किसान की गोवंश के हमले से मौत
बदायूं, अमृत विचार। शासन के निर्देश के बाद भी छुट्टा गोवंश का आंतक कम नहीं हो रहा है। गोशालाओं में गोवंश भेजने का दावा सड़कों पर फेल होता नजर आ रहा है। छुट्टा गोवंश की हमले में लोगों की जान जा रही हैं। फसल की रखवाली कर रहे किसान पर गोवंश ने हमला कर दिया। घायल किसान की मौत हो गई। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। ग्रामीणों ने छुट्टा गोवंश से निजात दिलाने की मांग की है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां निवासी पुन्नी (57) पुत्र बहोरी खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। उन्होंने अपने खेत में बाजरे की फसल की थी। वह रात को फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर रुकते थे। शनिवार रात वह बाजरे की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गए थे। रात लगभग 11 बजे छुट्टा गोवंश खेत में घुस गया। पुन्नी ने गोवंश को खेत से बाहर भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान छुट्टा गोवंश ने उनपर हमला कर दिया। सींघों से उठाकर कई बार खेत में पटका। वह बचाव के लिए चिल्लाए।
आसपास के खेतों पर काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे। जैसे-तैसे गोवंश को भगाकर पास के ही एक भवन में बंद कर दिया और पुन्नी को बचाया लेकिन तब तक पुन्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्रामीणों की सूचना पर उनके परिजन खेत पर पहुंचे। परिजन घायल को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत से उनकी पत्नी दीपाली व चार अविवाहित बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा गोवंश अक्सर ही किसी न किसी पर हमला करके घायल कर रहे हैं लेकिन प्रशासन समस्या का निस्तारण नहीं करा पा रहा।
