बाराबंकी : लेखपाल से स्थानीय लोगों ने की हाथापाई, फाड़ डाले अभिलेख, जानें पूरा मामला
बाराबंकी, अमृत विचार। अवैध कब्जे की जांच करने पहुंचे लेखपाल के साथ स्थानीय लोगों ने हाथापाई की वहीं पैमाइश के उपकरण फेंकने के साथ ही अभिलेख फाड़ डाले। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार तहसील नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ओबरी क्षेत्र में तैनात लेखपाल भानु प्रताप वर्मा शुक्रवार दोपहर उपजिलाधिकारी नवाबगंज के निर्देश पर ग्राम डिहुवा मजरे दारापुर स्थित गाटा संख्या 413 पर अवैध कब्जे की जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।
इस दौरान गांव के निवासी हरगोविंद पुत्र कमलेश तथा प्रियांशु यादव पुत्र अज्ञात अपने लगभग 10 अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और लेखपाल के साथ अभद्रता करते हुए शर्ट का कॉलर पकड़कर हाथापाई की। आरोप है कि दबंगों ने पैमाइश के उपकरण फेंक दिए और खसरा पेज फाड़ डाला।
विरोध करने पर लेखपाल को जान से मारने की धमकी दी गई। हमले से भयभीत लेखपाल ने घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। मामले में थाना कोतवाली नगर में शासकीय कार्य में बाधा, अभिलेख नष्ट करने एवं जान से मारने की धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
