राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में चमका बाराबंकी : अंश, अभिमन्यु और विवेक ने जीते स्वर्ण पदक
बाराबंकी, अमृत विचार। बालाजी किंगडम ऑफ स्पोर्ट्स बाराबंकी में रविवार को आयोजित 8वीं उत्तर प्रदेश राज्य इंडोर फील्ड तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में राज्यभर से आए तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी सटीक निशानेबाजी का लोहा मनवाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी का भविष्य उज्ज्वल है और बाराबंकी जैसी भूमि पर ऐसी प्रतिभाओं का उभरना गर्व की बात है।
इस अवसर पर इंडोर फील्ड तीरंदाजी एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राम बाबू द्विवेदी, बाराबंकी एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिंह तथा समाजसेवी अंकुर माथुर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव निधि जैन ने किया और उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी अधिकारियों, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों का आभार जताया।
प्रतियोगिता में बाराबंकी के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। अंश ने यू-19 बैंबू बो फाइव स्पॉट वर्ग में, अभिमन्यु पटेल ने यू-19 बॉयज़ सिंगल स्पॉट वर्ग में, विवेक कश्यप ने रिकर्व बो वर्ग में, और वजीहुद्दीन अंसारी ने सीनियर मेन्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया। इसके अलावा कुणाल, शाक्या मिश्रा, हार्दिक, इश कुमार, और श्रीहन सरोज ने भी विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लखनऊ, प्रयागराज और कानपुर के तीरंदाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
लखनऊ की पवनी कनौडिया, अनन्या वर्मा, रितु भारती, प्रियांशी गोयल, आदिया सिंह, और अक्षिता मिश्रा ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर राजधानी का मान बढ़ाया। वहीं प्रयागराज की वैष्णवी और कानपुर के हार्दिक तिवारी ने भी गोल्ड पर निशाना साधा। समारोह के अंत में सभी विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। आयोजन में दिव्यांश जैन, सुशांत कुमार यादव, और गौरव अवस्थी सहित कई खेल प्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
