Bareilly: मौलाना के खास सपा नेता का बरात घर सील, बवाल में भीड़ जुटाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 26 सिंतबर को शहर में हुए बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा खां के मददगारों पर लगातार कार्रवाई जारी है। उनकी संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर उन्हें या तो सील किया जा रहा है, या फिर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त। सोमवार को फरीदापुर चौधरी में सपा नेता का बरात घर बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया। जिससे इलाके में खलबली मच गई।

फरीदापुर चौधरी में सपा नेता वाजिद बेग का बरातघर है। जिस पर सोमवार को प्रशासन की निगाह टेढ़ी हो गई। सपा नेता वाजिद बेग मौलाना तौकीर रजा खां को पुलिस मौलाना तौकीर रजा खां का करीबी मान रही है। आरोप है कि मौलाना के आह्वान पर वाजिद बेग ने भीड़ जुटाई थी। जिसके बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में इन्हें नामजद किया था। अब सोमवार को बीडीए की टीम फरीदापुर चौधरी पहुंची। बरातघर को सील कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बरातघर का निर्माण अवैध रूप से किया गया था।

भारी फोर्स रहा मौजूद
बरेली विकास प्राधिकरण की टीम भारी फोर्स के साथ सीलिंग की कार्रवाई करने के लिए पहुंची। फरीदापुर चौधरी में टीम के दाखिल होते ही आसपास के लोगों में खलबली सी मच गई। हालांकि इस बीच किसी तरह का विरोध टीम को नहीं झेलना पड़ा। 

इन पर अब तक हुई कार्रवाई
बरेली विकास प्राधिकरण की तरफ से अब तक मौलाना के कई करीबियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। डॉ नफीस का बरातघर एक दिन पहले ही पूरी तरह ध्वस्त किया गया था। जबकि पीलीभीत बाइपास रोड स्थित आरिफ के तीन मैरिज लॉन सील कर किए गए थे। नरियावल में हाजी शराफत का हमसफर पैलेस और फाइक इनक्लेव में फरहत का घर सील किया गया था। इसके अलावा सिविल लाइंस पर मौजूद पहलवान साहब की दरगाह की दुकानों, नौमहला पर बनी नदीम की दुकानों को सील किया गया था।  

संबंधित समाचार