लखीमपुर खीरी : मैलानी -पलिया -नानपारा रेल मार्ग पर ट्रेन संचालन बहाल करने की मांग, धरना हुआ प्रारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पलिया कलां, अमृत विचार। मैलानी- पलिया -बेलरायां नानपारा ट्रेन संचालन की मांग को लेकर पलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार से क्षेत्र के किसानों , मजदूरों  सहित आम नागरिकों ने रेल चलाओ ,पलिया क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। नागरिकों ने धरने पर बैठे लोगों का माल्यार्पण कर प्रोत्साहित किया।

संयोजक कमलेश राय ने कहा कि मैलानी से पलिया -बेलरायां होकर रायबोझा तक रुकी रेल सेवा का संचालन न होने से क्षेत्र के गरीब किसान, मजदूर एवं अन्य लोगों को कई गुना अधिक किराया देकर कष्टप्रद बस यात्रा करनी पड़ रही है। क्षेत्र की मंडियों में बाहर से खरीदार न आने से व्यापार चौपट हो रहा है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों व सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा कई बार किए गए धरना, प्रदर्शन व ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोग परेशान हैं। 

गोविंद नगर निवासी लल्लन प्रसाद ने कहा कि देश के अन्य स्थानों पर जहां ब्रॉडगेज पर तीव्र गति वाली रेलगाड़ियां चल रही हैं, वहीं यहां मीटर गेज पर चलने वाली ट्रेनों को भी बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में विगत दिनों पलिया रेलवे स्टेशन पर मौजूद सभी लोगों के मध्य आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया था। जिसके तहत 6 अक्टूबर से पलिया रेलवे स्टेशन पर क्रमिक धरना शुरू किया गया है। इस मौके पर मौजूद मझरा पश्चिम के प्रधान अमरीक सिंह ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों व जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे धरना स्थल पर पहुंचकर धरना देने वाले लोगों का उत्साहवर्धन जरुर करें।

ऐपवा जिला अध्यक्ष आरती राय ने इस मौके पर कहा कि सरकार क्षेत्रवासियों की परेशानी की ओर बिल्कुल ही ध्यान नहीं दे रही है। अनिश्चितकालीन क्रमिक धरने पर विशेष रूप से कमलेश राय, राजेंद्र भारती ,चंद्रभूषण मिश्रा ,लल्लन गौड़, विश्व कांत, सुरेश चंद वर्मा बैठे। इनको मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान पटिहन लक्ष्मण प्रसाद, अधिवक्ता ऐनूफवेग, पूर्व सभासद रईस अली, नजर अहमद एवं सरदार प्रीतम सिंह, दीपक कुमार, अफरोज अहमद, निर्भय नारायण ,राम नरेश, राम बहादुर आदि ने माला पहनाकर प्रोत्साहित किया। सारे दिन धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचकर लोग धरना दे रहे व्यक्तियों का उत्साहवर्धन करते रहे।

संबंधित समाचार