बाराबंकी : मदरसे गई युवती व विवाहिता लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी
बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक पखवाड़ा पहले एक विवाहिता व मदरसे गई एक युवती अचानक लापता हो गई। खोजबीन के बाद भी कोई पता न चलने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। दरियाबाद थाना क्षेत्र में एक पखवाड़े पहले बिना बताए लापता हुई विवाहिता का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। खोजबीन करके परेशान हुए परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार कुर्सी क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। बताया कि 20 सितम्बर की भोर में लगभग 3 बजे उसकी पुत्री बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। परिजनों ने ससुराल और मायके सहित सभी रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके महिला की तलाश शुरू कर दी है। जैदपुर थाना क्षेत्र में बीस वर्षीय युवती एक अक्टूबर की सुबह से लापता है। परिजनों के अनुसार युवती गाँव के ही मदरसे में पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी हुई कि ग्राम कटका थाना रामनगर निवासी अलतसीम पुत्र जसीम बेग फिजा को भगा ले गया है। आरोप है कि इस घटना में अलतसीम के पिता जसीम बेग, चाचा नईम पुत्र हलीम बेग, फहीम पुत्र हलीम बेग, हमजा पुत्र फहीम, तथा जुल्फी और फलक पुत्री फहीम का भी सहयोग है।
पति के लापता होने से पत्नी परेशान
फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार गंगौली निवासी महिला ने अपने पति के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है। गांव निवासी रेनू पत्नी रंजीत ने थाना पुलिस को बताया कि उसके जेठ राधेलाल, देवर संदीप और सास फूलमती से करीब 15 दिन पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद आरोपितों ने परेशान करना तो बंद कर दिया, लेकिन उसी दिन से उसके पति रंजीत घर से लापता हो गए। रेनू का कहना है कि उसने अपने पति की तलाश हर संभव जगह रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों में की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उनके मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं। महिला को आशंका है कि कहीं परिवार वालों ने किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दिया हो।
