किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध नहीं: अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जबसे सत्ता में आयी है तबसे न तो किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध करा पा रही है और न किसानों की फसलों का सही मूल्य दिला पा रही है। महंगाई के कारण खेती का लागत मूल्य बढ़ गया है। लेकिन किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है।
सपा प्रमुख ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार किसानों को धान और अन्य फसलों के लिए डीएपी, यूरिया और अन्य खाद समय से नहीं उपलब्ध करा पायी। खाद के लिए लाइनों में खड़े कई किसानों पर लाठीचार्ज हुए। लाइनों में लगे-लगे किसानों की तबियत खराब हुई और कई किसानों की जान चली गयी लेकिन संवेदनहीन भाजपा सरकार ने किसानों की कोई सुध नहीं ली।
उन्होंने कहा कि अब गेहूं, आलू, चना, मटर तथा अन्य फसलों के लिए किसानों को डीएपी और अन्य खाद की जरूरत है लेकिन सरकार की कोई तैयारी नहीं है। सरकार सो रही है। भाजपा सरकार में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी चरम पर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसान अपनी मेहनत से फसल पैदा करता है लेकिन उसका लागत मूल्य भी मिलना मुश्किल हो गया है। भाजपा सरकार में आलू, गन्ना, धान, गेहूं के किसान को सही मूल्य नहीं मिल रहा है। गन्ना मूल्य को लेकर सरकार चुप्पी साध लेती है। किसानों को आलू का लागत मूल्य भी नहीं मिल पाया। इस सरकार में बिचौलिए हावी है वही मुनाफा कमा रहे हैं।
