बरेली बवाल : तौकीर के खास नफीस और नदीम खान को रिमांड पर लेगी पुलिस
बरेली, अमृत विचार। मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर शहर में बवाल करने के एक दिन पहले आईएमसी लेटर पैड पर फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप में नफीस खान और नदीम खान पर रिपोर्ट हुई है। अब पुलिस इस मामले में दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। दोनों ने लियाकत के फर्जी हस्ताक्षर कर पुलिस को गुमराह किया था। पुलिस पूछताछ में पता लगाएगी कि दोनों का फर्जी हस्ताक्षर कर पत्र वायरल करने के पीछे क्या मकसद था।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी मोहम्मद नदीम खान और नफीस खान की जेल जाने के बाद भी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली में दोनों के खिलाफ लियाकत ने एक और एफआईआर दर्ज कराई गई है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी निवासी लियाकत ने बताया कि 26 सितंबर को तौकीर रजा ने लोगों को धरना देने के लिए बुलाया गया था।
इसके एक दिन पहले देर शाम को नदीम खान और नफीस खान ने आपसी साजिश करके फर्जी पत्र तैयार करके उसमें उसके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर दिए गए। इसके बाद दोनों ने खुद भी साइन करके उसे आईएमसी का पदाधिकारी बताकर पत्र को वायरल कर दिया। उस पत्र से पुलिस प्रशासन को गुमराह करके शहर का अमन-चैन खराब करने का काम किया गया। लियाकत ने बताया कि उस दिन वह मौलाना तौकीर रजा के बुलावे पर नहीं गया था।
