Moradabad : करवाचौथ से पहले सजे बाजार, मिट्टी के साथ पीतल व स्टील के करवे पहली पसंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सुहागिनों के सबसे खास त्योहार करवा चौथ के लिए महानगर के बाजारों में तरह-तरह के करवे आ गए हैं। इस बार बाजार में मीनाकारी वाले करवा छाए हैं। यह करवा विशेष रूप से पीतल, तांबा या स्टील की प्लेटों पर बारीक रंगीन इमाल और पत्थरों से सजाए गए हैं। इन पर फूल, पत्ते, ज्यामितीय डिजाइन और धार्मिक प्रतीक नक्काशी और रंगों के साथ उकेरे हुए हैं। 

नीला, लाल, हरा और सोने-चांदी के रंग में सजे ये करवे देखने में बेहद आकर्षक लगते हैं। यह करवे टिकाऊ होने के साथ-साथ पूजा और सजावट दोनों के लिए उपयोगी हैं। बाजार में मिट्टी के साथ ही कोटिंग वर्क और चमकी वर्क वाले करवे भी खूब बिक रहे हैं। डिजाइनर करवा और रंग-बिरंगे सेट्स की मांग अधिक है। बाजारों में 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक के करवे उपलब्ध हैं। वहीं, स्टील और पीतल के करवे पर भी आकर्षक डिजाइन बनाई गई है। करवा चौथ का त्योहार करीब होने के चलते महिलाएं खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रही हैं। वह सजावटी थाल, छलनी, साड़ी, चूड़ी, बिंदी व श्रृंगार सामग्री की खरीदारी भी जोरों से कर रही हैं। प्रमुख बाजारों बर्तन बाजार, मंडी चौक, गंज बाजाी, गुरहट्टी में करवा चौथ से जुड़ा सामान सज चुका है। इस बार करवा चौथ का पर्व दस अक्टूबर को मनाया जाएगा।

मुरादाबादी करवे वजन में हल्के, दिखने में भारी
बर्तन व्यापारी अशोक अग्रवाल ने बताया कि नक्काशी उकेरे हुए पीतल और स्टील के करवे खूब पसंद किए जा रहे हैं। यह एक से 2.5 किग्रा वजन तक के आते हैं। इनके साथ ही मुरादाबादी करवे भी है, जोकि वजन में हल्के और दिखने में भारी होते हैं। पिछले वर्ष बिक्री अच्छी हुई, इस बार और बढ़ने की उम्मीद है। सराफ कारोबारी अक्षय वर्मा ने बताया कि चांदी के करवे भी महिलाएं पसंद कर रही हैं। इसकी कीमत पांच हजार रुपये 35 हजार रुपये तक है।

 

संबंधित समाचार