कानपुर : रघुवीर लाल ने ग्रहण किया पुलिस कमिश्नर का कार्यभार, कहा- कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कानपुर। नए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मंगलवार को दोपहर बाद कार्यभार ग्रहण कर लिया और उसके बाद अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों से औपचारिक परिचय किया। फीडबैक भी लिया। इस दौरान अखिल कुमार उनके साथ मौजूद रहे।
चार्ज लेने के ठीक बाद ही अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रहनी चाहिए। इससे खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे और सबकी बात सुनेंगे। अपराधियों के खिलाफ एक्शन ज़ारी रहेगा। अपने अधीनस्थ अधिकारियों को भी अपनी प्राथमिकताएं बता दीं और इस बाबत आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस सबके बीच उन्होंने पूर्व कमिश्नर अखिल कुमार से विचार-विमर्श किया और फीडबैक लिया। बताया गया कि उन्होंने बाद में उनसे उनके कानपुर के अनुभव और शहर के मिज़ाज के बारे में भी तफसील से जानकारी ली।
अरे बगल में बैठिये, जाइये नहीं
चार्ज देने के बाद कुर्सी छोड़कर अखिल कुमार दूसरी तरफ जाने लगे तो रघुवीरलाल ने उन्हें हाथ पकड़कर रोक लिया और आग्रहपूर्वक कहा, अरे ऐसा मत कीजिये, इधर आइये और फिर उन्हें अपने बगल में कुर्सी पर बैठाया। कुछ पल के लिए माहौल हंसी का बना।
अखिल कुमार पहले भी दे चुके हैं इन्हें चार्ज
यह एक संयोग है कि अखिल कुमार पहले भी रघुवीलाल को अपने पदों के चार्ज दे चुके हैं। अलीगढ़ और आगरा एसपी रहते हुए अखिल कुमार ने रघुवीरलाल को कार्यभार सौंपा था। यानि अखिल कुमार के ठीक बाद रघुवीरलाल इन दोनों जिलों के पुलिस प्रमुख बने। यह संयोग ही है कि एक बार फिर उन्होंने रघुवीलाल को चार्ज दिया।
जनता का खूब सहयोग मिला
कानपुर पुलिस कमिश्नर के बाद अब अखिल कुमार डिजिटल इंडिया के एमडी बन गए हैं। वह शीघ्र ही दिल्ली जाकर चार्ज लेंगे। उन्होंने "अमृत विचार" से कानपुर में तैनाती के दौरान अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां जनता का भरपूर सहयोग मिला और उन्होने आम जनमानस की पीड़ा सुनकर समाधान करने की हर संभव कोशिश की। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता के काम इसलिए कर सका कि उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहा।
