अध्यक्ष और ईओ की कार्यप्रणाली से नाराज 11 सभासदों ने दिया इस्तीफा, डीएम से की कार्रवाई की मांग
पचपेड़वा/बलरामपुर, अमृत विचार। स्थानीय नगर पंचायत से निर्वाचित कल 16 सभासदों में से 11 सभासदों ने बुधवार को सामूहिक त्यागपत्र दे दिया है। डीएम पवन अग्रवाल को भेजे गए सामूहिक त्यागपत्र में सभासद इरफान अहमद, मदन गोपाल, हबीबुर्रहमान असगरअली बड़का व सरवर जहां आदि ने कहा है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा तथा ईओ अवनीश कुमार की कार्य प्रणाली तानाशाही तथा द्वेष भावना से परिपूर्ण है।
नगर क्षेत्र में निर्माण तथा सफाई आदिकार्यों में भी भेदभाव बरता जा रहा है। अध्यक्ष तथा ईओ की मनमानी के कारण हम निर्वाचित सभासदों की जनता के बीच छवि खराब हो रही है। अध्यक्ष तथा ईओ की मनमानी की वजह से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी आघात पहुंच रहा है।
इन लोगों ने डीएम से मांग की है कि नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए मानक विहीन कार्यों की तकनीकी तथा वैधानिक रूप से जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। सभासदों के सामूहिक स्थिति से नगर पंचायत की राजनीति में भूचाल आ गया है।
इस संबंध में अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि वह दो दिन से बाहर हैं उन्हें मामले की जानकारी फोन से मिली है। यदि सभासदों को किसी कार्य से दिक्कत हो रही थी तो उन्हें पहले मुझसे बात करनी चाहिए थी मैं वापस आकर मामले का समाधान निकालने की कोशिश करूंगा।
