दक्षिण भारत के हर घर में राम...वृहस्पति कुंड में लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं लोकार्पण कर बोलीं सीतारमण
अयोध्या। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अयोध्या के हृदय स्थल वृहस्पति कुंड में लगी दक्षिण भारतीय संगीतज्ञों पुरंदर दास, त्यागराज एवं अरुणाचल कवि की प्रतिमाओं का लोकार्पण बटन दबाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। पुरंदर दास चौदहवीं सदी के त्यागराज एवं अरुणाचल कवि सत्रहवीं सदी के मशहूर ख्यातिलब्ध दक्षिण भारतीय संगीतज्ञ रह चुके हैं। आज भी संगीत की उनकी विद्या जीवंत है।
वृहस्पति कुंड आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में दक्षिण भारतीय एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य डॉ अनिल मिश्र एवं राममंदिर प्रबंधन कार्य देख रहे गोपाल राव भी उपस्थित रहे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में आयोजित सत्संग समर्पण कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय संगीतज्ञों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सत्संग समर्पण कार्यक्रम को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने संबोधित करते हुए कहा कि उतर और दक्षिण का आदिकाल का सांस्कृतिक संबंध है।
प्रभु श्रीराम को समर्पित था दक्षिण भारतीय संगीतज्ञों का संपूर्ण जीवन : सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा कि दक्षिण भारतीय संगीतज्ञों को संपूर्ण जीवन विष्णुवतार भगवान श्रीराम को समर्पित रहा है। उन्होने कहा कि दक्षिण भारत के हर घर में राम है। केरल के हर घर में आषाढ़ माह में बाल्मिकी रामायण का परिवार के सभी सदस्य नित्य पाठ करते हैं। महास्वामी पुरंदर दास, स्वामी त्यागराज और अरुणाचल कवि का संपूर्ण जीवन प्रभु श्रीराम को समर्पित था। दक्षिण भारत की संस्कृति में राम रचे बसे हैं।
सीतारमण ने कहा कि खम्भ रामायणम एवं मोल्ला रामायणम इसके अनुपम उदाहरण हैं। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के संत परंपरा को संगीत और भक्ति के माध्यम से इन तीनों महापुरुषों ने रामभक्ति को जीवंत किया। छह सौ वर्ष बीत जाने के बाद भी आज भी लोगों के दिल में पुरंदर दास, त्यागराज और अरुणाचल कवि जीवित हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एक भारत श्रेष्ठ भारत का आज का समारोह अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी तमिल संगमम की शुरुआत कर उत्तर और दक्षिण की संस्कृति एवं संस्कार को एक दूसरे को समझने और जानने का अवसर दिया। उन्होने कहा कि प्रभु श्रीराम के चरणों में दक्षिण भारतीय संगीतज्ञों की प्रतिमाओं की स्थापना, प्रभु श्रीराम का इन संत आत्माओं को आशीर्वाद है।
ये भी पढ़े :
कानपुर की श्रद्धा दीक्षित बनी एक दिन की DM...सुनी जनसमस्याएं, निस्तारण के लिए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
