रामपुर : डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में विकास की गति तीव्र हुई: एके शर्मा
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने 40 परियोजनाओं का किया लोकार्पण
रामपुर, अमृत विचार। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। एके शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में विकास की गति तीव्र हुई है। नगर विकास विभाग की योजनाओं के अंतर्गत लगभग 14.88 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 40 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिले। हर हिस्से को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। विकास कार्य जनता की उम्मीदों को साकार करने का माध्यम हैं। सरकार का हर प्रयास जनता के जीवन को सरल, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए समर्पित है। इन विकास कार्यों का उद्देश्य आमजन के जीवन में वास्तविक सुधार लाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र रंपुरा, 8.25 किमी. लंबी 33 केवी लाइन, तथा 7.2 किमी. 11 केवी लाइन का निर्माण कार्य कराया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को स्थिर, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। अब उत्तर प्रदेश बिजली कटौती नहीं, बल्कि निर्बाध आपूर्ति के लिए जाना जा रहा है। इनमें लगभग 4 करोड़ की लागत से 8 कार्यों का शिलान्यास तथा 10.55 करोड़ की लागत से 32 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं में नाली, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट, पार्क, पेयजल आपूर्ति एवं स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। एके शर्मा ने कहा कि ये परियोजनाएं रामपुर शहर को अधिक सुंदर, आधुनिक और जनसुविधाओं से युक्त बनाएंगी।हर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाना ही सरकार का लक्ष्य है। हमारे नगर ही हमारे प्रदेश की पहचान हैं।
यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेले का किया उद्घाटन
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इस दौरान यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला 2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला स्वयं सहायता समूहों, कुटीर एवं हस्तशिल्प उद्योगों तथा स्थानीय उत्पादों के स्टालों का अवलोकन किया। वहां प्रदर्शित नवाचारों व उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना देशभक्ति की सच्ची अभिव्यक्ति है। कहा कि भारत की आत्मा उसके गांवों और कारीगरों में बसती है। जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाते हैं, तो हम न केवल अपनी संस्कृति को सहेजते हैं। बल्कि अपने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं। स्वदेशी का अर्थ केवल देश में बना नहीं, बल्कि देश के लिए बना है। हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाएगा, तभी भारत आत्मनिर्भर और आत्मगौरवशाली बनेगा। प्रदेश सरकार द्वारा कुटीर, लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं।
स्ट्रीट वेंडरों को बना रहे सशक्त
नगर विकास विभाग द्वारा बाजारों के सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्ट्रीट वेंडरों को सहयोग देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ताकि स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने जनता से आह्वान किया जब हम विदेशी वस्तुओं की जगह अपने देश की बनी वस्तुएं खरीदते हैं, तो हम अपने किसान, मजदूर, बुनकर, शिल्पकार और व्यापारी का जीवन संवारते हैं।इस अवसर पर सदर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, पूर्व सांसद घनश्याम लोधी,संबंधित विभागीय अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, अनेक गणमान्य सहित स्थानीय नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बिजली समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन
अमृत विचार: आईआईए के चेयरमैन श्रीष गुप्ता ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को ज्ञापन दिया। बरेली रोड पर स्थित 33 केवी के औधोगिक पोषक की लगभग 50 वर्ष पुरानी जर्जर विद्युत लाइन के जंगल से निकलने वाले भाग को अपग्रेड कर रोड साइड पर स्थापित करने की मांग की। विद्युत लाइन काफी जर्जर है, जंगल से गुजर रही है। वैकल्पिक समाधान के लिए विभाग के द्वारा पेड़ों की कटाई छटाई कर दी जाती है, परन्तु कुछ समय में फिर वही स्थिति बन जाती है। आंधी बारिश में रात्रि में लाइनमैन जंगल में नहीं जाता है, जिसके कारण पूरी रात आपूर्ति ठप रहती है। जिसके कारण उद्योग बंद हो जाते है। इस 33 केवी औधोगिक पोषक से बरेली रोड पर छह बड़ी औधोगिक इकाइयों जुड़ी हुई है, जिनका विद्युत भार 8850 केवीए है और जिनसे प्रतिमाह लगभग 3.5 से 4 करोड़ रुपए का बिल का भुगतान विभाग प्राप्त होता है। जिले के प्रमुख उद्योगों की इस समस्या पर गंभीरता से निर्णय कर उद्योगों को विद्युत की निर्बाध आपूर्ति का उपहार देंगे।
