UP : बुलडोजर से ध्वस्त किया कोल्ड स्टोरेज का अवैध निर्माण
संभल, अमृत विचार। संभल में प्रशासन ने बुधवार को बड़ा बुलडोजर एक्शन करते हुए संभल अनूपशहर मुख्य मार्ग के किनारे कोल्ड स्टोरेज में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बुलडोजर ने अवैध रूप से बनाए गए कार्यालय व गैराज सहित निर्माण के बड़े हिस्से को तोड़ दिया। प्रशासन की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
उप जिलाधिकारी संभल विकास चंद्र बुधवार को विनिमय क्षेत्र के अधिशासी अभियंता व राजस्व कर्मचारियों की टीम के साथ चौधरी सराय पुलिस चौकी के निकट संभल अनूप शहर मार्ग पर मुख्य मार्ग के किनारे बने दीपा सराय निवासी मोहम्मद जुबेर के कोल्ड स्टोरेज पर बुलडोजर लेकर जा पहुंचे। कोल्ड स्टोरेज पर बुलडोजर पहुंचा तो वहां हड़कंप मच गया। विनिमय क्षेत्र के आवर अभियंता ने नापजोख के बाद स्थान को चिन्हित किया और उसके बाद बुलडोजर ने निर्माण को तोड़ना शुरू कर दिया। बुलडोजर ने कोल्ड स्टोरेज परिसर में बनाए गए कार्यालय, गैराज सहित बड़े निर्माण को तोड़ दिया।
उप जिलाधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि विनिमय क्षेत्र की धारा 10 के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। कोल्ड स्टोरेज के मालिक मोहम्मद जुबेर ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया था। जानकारी मिलने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया था और अवैध निर्माण तोड़ने के लिए सात दिन का समय दिया गया था। उन्होंने तय समय अवधि में निर्माण नहीं तोड़ा इसलिए कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी ने बताया कि संभल अनूपशहर मुख्य मार्ग से 45 फीट की जगह छोड़कर निर्माण करने की अनुमति ली गई थी।
जबकि केवल 35 फीट की जगह छोड़कर बाउंड्री वॉल, गैराज और शेड का निर्माण कर दिया गया। इसी के चलते बाउंड्री वॉल, गैराज शेड व अन्य अवैध निर्माण को तोड़ा गया है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। विनियमित क्षेत्र में जो मानचित्र स्वीकृत किया जाता है उसी के अनुसार निर्माण कार्य भी होना चाहिए। यदि मानचित्र की विपरीत निर्माण किया जाएगा तो उस पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
