लखीमपुर खीरी : ढखेरवा में दो लड़कियों ने नहर में लगाई छलांग, दोनों की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निघासन, अमृत विचार। गुरुवार दोपहर ढखेरवा पुल से दो किशोरियों ने एक साथ शारदा नहर में छलांग लगा दी। दोनों लड़कियां आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस गोताखोरों को नहर में उतार कर तलाश कराई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका है।
 
पढुआ थाना क्षेत्र के चंदैय्यापुर निवासी राम स्वरूप गौतम की पुत्री पंक्षी (17) और उसकी बुआ की 16 वर्षीय लड़की सोनिका पुत्री रत्तीराम गौतम निवासी बथुआ टांडा थाना सिंगाही गुरुवार सुबह एक साथ घर से निकली थी। सोनिका चार दिन पहले ही अपने नाना के घर चंदैय्यापुर आई थी। दोपहर में दोनों ढखेरवा में शारदा नहर पर बने पुराने पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों लड़कियों ने पुल पर अपने दुपट्टे और चप्पल उतारकर रख दिए और अचानक नहर में कूद गईं। 

कुछ देर तक वे पानी में तैरती नजर आईं, फिर गहरे पानी में समा गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन कोई उन्हें बचा नहीं सका। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और नाव की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में इस घटना से मातम का माहौल है।

संबंधित समाचार