Moradabad: नौकरी देने के नाम पर युवती से कई बार किया रेप, दो बार कराया गर्भपात
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोनकपुर थाना क्षेत्र में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एमकॉम पास युवती को युवक ने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने कई बार युवती के साथ दुष्कर्म किया। आपत्तिजनक फोटो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर शोषण किया। गर्भवती होने पर आरोपी ने दो बार गर्भपात भी करा दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना सोनकपुर क्षेत्र के गांव में रहने वाली 30 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लगभग पांच साल पहले एमकॉम पास करने के बाद वह नौकरी की तलाश में थी। उसी दौरान गांव भूड़ावास निवासी शैलेंद्र उर्फ बिट्टू ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे जान पहचान बढ़ा ली। जिसके बाद आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। पीड़िता के अनुसार नौकरी लगवाने के बहाने आरोपी बिट्टू कई बार उसे मेरठ, बरेली, मुरादाबाद और पाकबड़ा लेकर गया। आरोप लगाया कि वहां जानबूझकर वह शाम कर देता और अपने परिचित के कमरे पर ले जाता, वहां उसके साथ दुष्कर्म करता।
पीड़िता के अनुसार वह विरोध करती तो आरोपी बिट्टू उसे धमकी देकर शांत करा देता था। इस दौरान पीड़िता दो बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने जबरन दवा देकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बिट्टू ने अपने मोबाइल में उसकी और अपनी आपत्तिजनक फोटो खींच ली थी, जिसे उसने मोबाइल फोन से तो डिलिट कर दिया, लेकिन उसकी फोटो तैयार करा ली है। अब पीड़िता आरोपी की बात मानने से मना कर दी तो आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
पैसे न देने पर आरोपी फोटो दिखाकर उसे वायरल करके जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दे रहा है। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई। इस संबंध में सोनकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शैलेंद्र उर्फ बिट्टू के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
