Moradabad: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए नमूने, जांच में पांच अपमिश्रित मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार । त्योहारों पर मिलावटी व अपमिश्रित खाद्य सामग्री बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई जगह छापेमारी की गई। टीम ने दुकानों से लिए संदिग्ध नमूनों को मोबाइल वैन प्रयोगशाला में जांच कर देखा। 14 नमूनों में से 5 अपमिश्रित पाए गए।

विभाग के प्रवर्तन दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएसडी सच्चन ने सदर तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम खरग की दुकान से क्रीम का नमूना लिया। मौके पर दुकान का पंजीकरण नहीं पाया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र पाल सिंह ने सूर्यनगर से घी का नमूना लिया। टीम ने बाबा डेयरी कांठ से पनीर और सोयाबीन आयल का नमूना लेकर जांच किया। नमूनों की जांच में 5 अपमिश्रित पाए गए। वहीं, पुराना रोडवेज के पास दुकान पर टीम ने जांच में 2 किलो दूषित मक्खन जब्त कर नष्ट कराया। 

इसका बाजार मूल्य 600 रुपये बताया गया। टीम ने बादली टांडा रामपुर में शमा चिकन बिरयानी सेंटर प्रोपराइटर मजहर इकबाल की दुकान को बिना खाद्य विभाग के पंजीकरण संचालित पाए जाने पर बंद करा दिया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने बताया कि टीम में कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह, महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार